प्रस्तुत कविता “छाया मत छूना” में कवि 'गिरिजाकुमार माथुर' जी ने हमें यह संदेश देने की कोशिश की है कि हमें अपने अतीत के सुखों को याद कर अपने वर्तमान के दुःख को और गहरा नहीं करना चाहिए। अर्थात व्यक्ति को अपने अतीत की यादों में डूबे न रहकर, अपनी वर्तमान स्थिति का डट कर सामना करना चाहिए और अपने भविष्य को उज्जवल बनाना चाहिए। कवि हमें यह बताना चाहता है कि अगर हम दुःख से व्याकुल होकर अपने अतीत में बिताए हुए सुंदर दिन या सुखों को याद करते रहेंगे, तो हमारा दुःख कम होने की बजाय और बढ़ जाएगा और हमारा भविष्य भी अंधकारमय हो जाएगा। इसलिए हमें अपने वर्तमान में आने वाले दुखों को सहन करके अपने भविष्य को उज्जवल बनाने का प्रयास करना चाहिए।
गिरिजा कुमार माथुर का जन्म ग्वालियर जिले के अशोक नगर कस्बे में 22 अगस्त सन 1918 में हुआ था। वे एक कवि, नाटककार और समालोचक के रूप में जाने जाते हैं। उनकी प्रारम्भिक शिक्षा घर पर ही हुई। सन् 1940 में उनका विवाह दिल्ली में कवयित्री शकुन्त माथुर से हुआ। शुरुआत में उन्होंने वकालत की परन्तु बाद में उन्होंने आकाशवाणी एवं दूरदर्शन में नौकरी की। गिरिजाकुमार की काव्यात्मक शुरुआत 1934 में ब्रजभाषा के परम्परागत कवित्त-सवैया लेखन से हुई। उनकी रचना का प्रारम्भ द्वितीय विश्वयुद्ध की घटनाओं से उत्पन्न प्रतिक्रियाओं से युक्त है तथा भारत में चल रहे राष्ट्रीय स्वतंत्रता आन्दोलन से प्रभावित है। कविता के अतिरिक्त वे एकांकी नाटक, आलोचना, गीति-काव्य तथा शास्त्रीय विषयों पर भी लिखते रहे हैं। उनका ही लिखा एक भावान्तर गीत “हम होंगे कामयाब” समूह गान के रूप में अत्यंत लोकप्रिय है। 1991 में कविता-संग्रह “मैं वक्त के सामने” के लिए उन्हें हिंदी के साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। भाषा के दो रंग उनकी कविताओं में मौजूद हैं, वे जहाँ रोमानी कविताओं में छोटी-छोटी ध्वनि वाले बोलचाल के शब्दों का प्रयोग करते हैं, वहीं क्लासिक मिज़ाज की कविताओं में लम्बी और गंभीर ध्वनि वाले शब्दों का इस्तेमाल करते हैं।
Talk to our expert